मेरठ। मलियाना पुल की मरम्मत का कार्य अब 27 जून तक चलेगा। 28 जून की सुबह से हल्के वाहनों के लिए आवागमन खोला जाएगा। 11 जून से मलियाना पुल की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया था। पुल की मरम्मत का कार्य 25 जून तक समाप्त किया जाना था, लेकिन एक्सपेंशन ज्वाइंट सहित अन्य कठिन कार्य होने के चलते दो दिन कार्य को बढ़ाना पड़ा है।
40 वर्ष पुराने मलियाना पुल की मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग ने पहली बार किया। इसके ऊपर बार-बार लेयर डालकर सड़क तैयार कर दी जाती थी। इसी कारण पुल पर कई टन वजन हो गया। जिससे बेयरिंग सहित एक्सपेंशन ज्वाइंट जाम हो गए थे। इस पुल की मरम्मत करने के लिए ठेकेदार को खोजने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, इसके बाद मेरठ की कंपनी को ही इस कार्य का जिम्मा दिया गया। अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम भी बारिश हुई है। इतने बड़े कार्य में अब हम किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करना चाहते हैं। मौसम साफ होने के बाद ही कार्य किया जाएगा।