ई-रिक्शा चार्जिंग की सुविधा देने के क्षेत्र में पीवीवीएनएल देश की पहली बिजली कंपनी बन गई है। एमडी अभिषेक प्रकाश ने यूनिवर्सिटी रोड स्थित 33 केवी बिजलीघर पर पायलट प्रोजेक्ट के तहत पहले ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ किया।
एक साथ 6 ई-रिक्शा चार्ज
उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा चार्जिंग की समस्या सबसे ज्यादा आती है। कंपनी ने इस ओर सबसे पहले ध्यान देते हुए यह काम किया है। यह चार्जिंग स्टेशन 24 घंटे खुला रहेगा। जहां चार्जिंग शुल्क घरेलू दरों के हिसाब से 60 रुपये प्रति चार्जिंग होगा। जहां एक साथ छह ई-रिक्शा चार्ज हो सकेंगे। इस मौके पर निदेशक वाणिज्य एसवीएस राठौर, निदेशक तकनीकी एससी भारती, निदेशक वित्त पीके अग्रवाल, मुख्य अभियंता मेरठ जोन डीके गर्ग, अधीक्षण अभियंता शहर आरके राणा, स्टाफ आफिसर रवींद्र गुप्ता, अधीक्षण अभियंता वीएन सिंह, अधिशासी अभियंता पवन अग्रवाल, एपीआरओ एचके सिंह आदि मौजूद रहे।
केवल होलोग्राम लगी बैटरी
ई-रिक्शा की बैटरी पर पावर कारपोरेशन का होलोग्राम चिपकाया जाएगा। होलोग्राम लगी बैटरी को ही ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पर चार्ज किया जा सकेगा।
मिलेगा रोजगार
एमडी के अनुसार यह चार्जिंग स्टेशन विभाग द्वारा संचालित होगा। बाकी चार्जिंग स्टेशन फ्रेंचायजी के माध्यम में खोले जाएंगे, जिससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सकेगा। कंपनी इससे पहले पीओएस स्वाइप मशीनों से बिल जमा करने, पीएनबी एवं एचडीएफसी के एटीम से बिल जमा करने की सुविधा दे चुकी है।