...अब केवल 112 नंबर याद रखें
मेरठ। डायल 100 (पुलिस), 101 (फायरब्रिगेड) और 108 (एंबुलेंस) के बजाय अब सिर्फ 112 नंबर याद रखें। यह व्यवस्था यूपी में 26 अक्तूबर से शुरू होने जा रही है।
सोमवार को डीजीपी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में अधिकारियों को 112 नंबर के बारे में बारीकी से बताया। एडीजी जोन ऑफिस में वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान डीजीपी ने 112 नंबर के बारे में अधिकारियों को बताया कि अब 100, 101, 108 और एसडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन फोर्स) को अलग-अलग कॉल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 112 नंबर यूपी कंट्रोल रूम में फिक्स हो गया है। आम जन को अलग-अलग नंबरों पर कॉल कर अपनी समस्या बताने की आवश्यकता नहीं पडे़गी। सीधे 112 नंबर पर कॉल करें। हालांकि अभी 100, 101 व 108 पर कॉल करने की सुविधा जारी रहेगी। इस दौरान एडीजी जोन प्रशांत कुमार, आईजी आलोक सिंह, एसएसपी अजय साहनी समेत जोन के सभी एसएसपी मौजूद रहे।