अब सांसद ने केंद्रीय मंत्री को हवाई अड्डे के लिए लिखा पत्र
मेरठ। परतापुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर हवाई पट्टी का विस्तार करने के लिए सांसद ने केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री को पत्र लिखा है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री के बीच हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में भी मेरठ में भी हवाई अड्डे का विकास करने का विषय रखा गया था।
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री हरदीप पुरी को लिखे पत्र में हवाई पट्टी के विस्तार में आ रही बाधाओं को दूर कराने को कहा है। सांसद ने कहा है कि जूम एयरवेज को मेरठ से प्रयागराज और लखनऊ के लिए हवाई सेवा उपलब्ध कराने के लिए नामित किया गया। वहीं यहां के भौगोलिक, आर्थिक और राजनीतिक दृष्टि से 8 फरवरी 2019 को तत्कालीन केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने रीजनल कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत मेरठ में हवाई अड्डे के निर्माण की घोषणा की थी। वहीं राज्य सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के बीच 24 फरवरी 2019 को एमओयू के बाद हवाई पट्टी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जा चुकी है।