नगर पंचायत की भूमि पर बने डिग्री कॉलेज को नोटिस
सरूरपुर। नगर पंचायत हर्रा स्थित चौधरी बशीर खां डिग्री कॉलेज के प्रबंधन पर नगर पंचायत की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद हुई जांच में इस बात की पुष्टि हुई। नगर पंचायत ने कई बार नोटिस जारी किया, इसके बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। अब तहसील स्तर से नोटिस जारी कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बीते वर्ष चौधरी बशीर खां डिग्री कॉलेज के प्रबंधक पर सरकारी जमीन पर कब्जा कर निर्माण करने की शिकायत की गई थी। एसडीएम के आदेश पर भूमि की जांच कराई गई। लेखपाल की रिपोर्ट में खेल के मैदान की भूमि पर कब्जा कर डिग्री कॉलेज बनाने का खुलासा हुआ। इसके बाद नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी ने कॉलेज प्रबंधक को नोटिस जारी कर पांच दिन में कब्जा हटाने के निर्देश दिए। लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। ईओ ने मामले की रिपोर्ट एसडीएम सरधना को भेज दी। बृहस्पतिवार को तहसीलदार ने धारा 67 के तहत बेदखली की कार्रवाई का नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के आदेश दिए। तहसीलदार नटवर सिंह ने बताया कि लेखपाल व कानूनगो से शिकायत के आधार पर भूमि की पैमाइश कराई गई थी। लेखपाल की रिपोर्ट व अभिलेखों के अनुसार डिग्री कॉलेज का भवन सरकारी जमीन पर बना हुआ है। बृहस्पतिवार को बेदखली के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है। निर्धारित समय पर कार्रवाई की जाएगी।