बिलकिट से बरामद 20 लाख रुपये नेपाल पुलिस ने मेरठ पुलिस को सौंपे
मेरठ। कमलानगर में बिल्डर प्रदीप गुप्ता उर्फ पिंकी का 20 लाख रुपया नेपाल से पुलिस मेरठ ले आई है। यह रकम आरोपी बिलकिट से नेपाल में बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि फरार 25 हजारी बल बहादुर और लालभुल उर्फ रामभुल की तलाश जारी है। लूट की वारदात में चार आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिसमें से बिलकिट नेपाल और लक्ष्मण को एसटीएफ मेरठ ने बरेली से गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
टीपीनगर थाने के पास कमलानगर में बिल्डर प्रदीप गुप्ता की कोठी में 20 नवंबर को 80 लाख की लूट की थी। आरोपी नेपाल निवासी लाल बहादुर, लक्ष्मण, लालभुल, बिलकिट का नाम पुलिस की जांच में सामने आया था। नेपाल पुलिस ने बिलकिट को गिरफ्तार कर नेपाली करेंसी में 32 लाख रुपये बरामद किए हैं। यह पैसा बृहस्पतिवार को टीपीनगर पुलिस नेपाल से लेकर आई है। पुलिस लिखापढ़ी के बाद यह पैसा बिल्डर को देगी। बताया कि भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत 20 लाख रुपया है। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि फरार आरोपी बल बहादुर और लालभुल को गिरफ्तार कर बाकी रकम भी पुलिस टीम जल्द बरामद करेगी।
शातिर बिलकिट करोड़पति
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिलकिट शातिर है और यूपी सहित अन्य राज्यों में गैंग बनाकर लूटपाट कराकर वह करोड़पति बन गया है। लूट कहां व किसके यहां करनी है, इसकी पूरी पटकथा बिलकिट ही तैयार करता है। नेपाल से अपने गैंग के एक सदस्य को भारत भेजता है और सटीक रेकी के बाद वारदात को अंजाम देता है। गैंग के बदमाशों को पैसा फाइनेंस पर देता है। पुलिस का दावा है कि बिलकिट के पास नेपाल में करोड़ों रुपये की संपत्ति है, जो कि अपराध करके अर्जित की गई है। वह अक्सर मुंबई घूमने आता था। पहली बार ही बिलकिट से रिकवरी हुई है।