संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कालंद चुंगी स्थित तालाब की भूमि पर कब्जे के मामले में नगर पालिका ने कार्रवाई तेज कर दी है। पालिका प्रशासन ने निर्माणाधीन स्थल पर नोटिस चस्पा कर निर्माणकर्ता को स्वयं अवैध निर्माण ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में निर्माण नहीं हटाया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कालंद चुंगी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि जिस भूमि पर निर्माण हो रहा है, वह सरकारी अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। मामले की शिकायत भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी द्वारा अधिकारियों से की गई थी। शिकायत के बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था। अब नगर पालिका प्रशासन ने स्थल पर नोटिस चस्पा करते हुए स्पष्ट किया है कि संबंधित भूमि तालाब की श्रेणी में दर्ज है। निर्माणकर्ता को स्वयं निर्माण ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि आदेश की अवहेलना करने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।