शुक्रवार को क्रेय केंद्र पर गायब मिले थे कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव गणेशपुर में स्थित धान क्रय केंद्र पर तैनात मार्केटिंग इंस्पेक्टर शुक्रवार को अनुपस्थित मिले थे। इस खबर को अमर उजाला ने शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस मामले में खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
गांव गणेशपुर में सरकार ने सरकारी दर पर धान खरीदने के लिए आरएफसी ने क्रय केंद्र स्थापित किया था। जहां पर विभाग ने मार्केटिंग इंस्पेक्टर और एक अन्य कर्मचारियों की तैनाती की थी। ताकि किसान यहां अपनी धान की फसल को सरकारी दर पर बेच सकें। इसके लिए यहां पर धान खरीद का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया था। परंतु विभागीय अधिकारियों की लापरवाही और किसानों से संपर्क के अभाव में यहां अभी तक धान के एक भी दाने की खरीद नहीं हो पाई है। स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से भी की थी परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शुक्रवार को अमर उजाला की टीम मौके पर पहुंची तो मार्केटिंग इंस्पेक्टर और कर्मचारी धान क्रय केंद्र से गायब मिले। लापरवाही की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने पर खाद्य विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान लेकर मार्केटिंग इंस्पेक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। विभाग के अधिकारियों की इस लापरवाही के कारण प्रदेश सरकार का धान खरीद का लक्ष्य लगातार पिछड़ रहा है। सरकार के अधिकारी ही सरकार के इस अभियान को सफल नहीं होने दे रहे हैं।
लापरवाही पर जारी किया नोटिस
संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जवाब मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। -रितेश सिंह, डिप्टी आरएमओ, खाद्य विभाग, मेरठ