2553 और लोगों को लगाई गई वैक्सीन
मेरठ में गुरुवार को कोरोना से बचाव का टीका 2553 और लोगों को लगाया गया, जबकि 1743 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी डोज लगाई गई। मेडिकल और जिला अस्पताल में टीकाकरण कराने के लिए बुजुर्गों में ज्यादा उत्साह नजर आया। लाभार्थी ज्यादा होने के कारण काफी देर इंतजार करने के बाद टीकाकरण हुआ। उधर, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर लोग टीकाकरण केंद्र पर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा कुछ लोग मौके पर रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। इससे स्वास्थ्यकर्मियों और लोगों को भी दिक्कत आ रही है।
गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने 5,264 लाभार्थियों को टीकाकरण के लिए बुलाया था। इनमें से 2,553 लोग पहुंचे। 1,685 लोग सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर और 868 को निजी अस्पतालों में टीका लगाया गया। इनमें 2,266 लोग 60 साल से ज्यादा उम्र वाले रहे, जबकि 287 लोग 45 से 59 साल के बीच की उम्र के थे। वहीं, दूसरी डोज के लिए 2,372 स्वास्थ्यकर्मियों को बुलाया गया था। इनमें से 1743 पहुंचे। दोनों टीकाकरण में 362 डोज नष्ट करनी पड़ीं।
एक सत्र में सबसे ज्यादा टीकाकरण मेडिकल में हुआ, यहां 233 लोगों को वैक्सीन लगी, जबकि 200 लोगों को टीकाकरण के बुलाया गया था। सबसे ज्यादा बूस्टर डोज भी मेडिकल कॉलेज में ही लगी, यहां 527 स्वास्थ्यकर्मियों रहे, जिन्हें दूसरा टीका लगा। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर 26 स्थानों पर 34 सत्र लगाए गए थे, जबकि 18 निजी अस्पतालों में टीकाकरण हुआ।
मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में रोजाना टीकाकरण
अब रविवार छोड़कर मेडिकल और जिला अस्पताल में हर रोज टीका लगाया जाएगा। बाकी स्थानों पर सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को टीकाकरण होगा। सुबह नौ से 11 बजे तक पोर्टल पर प्री रजिस्ट्रेशन वालों को टीका लगेगा, जबकि इसके बाद सभी व्यक्तियों का टीकाकरण पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/