मेरठ। महापौर के चुनाव में ही नहीं, वार्डों में भी बड़ी पार्टियाें का मैनेजमेंट फेल रहा है। जबकि भाजपा ने महापौर चुनाव में जीत के साथ 39 वार्डाें में जीत दर्ज की। जबकि सपा के 13, बसपा के छह, जबकि कांग्रेस के तीन प्रत्याशी पार्षद बने हैं। ऐसे में औवेसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन ( एआईएमआईएम ) के 11 पार्षद जीते हैं। जबकि पार्टी के महापौर प्रत्याशी मौ. अनस 128547 वोट लेकर दूसरे नंबर पर रहे। महापौर के साथ वार्डाें में एआईएमआईएम का प्रदर्शन चौंकाने वाला रहा है।
मुस्लिम क्षेत्रों में जहां साइकिल की रफ्तार से विधायक रफीक अंसारी दो बार जीत चुके हैं। इन मुस्लिम वार्डों में एआईएमआईएम को बंपर वोटिंग ने सपा की साइकिल को चुनाव से बाहर ही कर दिया। इस्लामाबाद के बूथों पर एआईएमआईएम को अधिक वोट मिले हैं, जबकि सपा प्रत्याशी को बेहद कम वोट मिले हैं। वार्ड-71 दक्षिण इस्लामाबाद के बूथ संख्या 848 व 849 में कुल 1222 वोट पडे़, जिसमें मौ. अनस को 888 वोट मिले, जबकि सपा की सीमा प्रधान को 278 मत मिले। वहीं वार्ड -75 की शाहजहां कॉलोनी में बूथ संख्या- 891 व 892 पर कुल 992 वोट पड़े। जिसमें मौ. अनस को 707 वोट मिले, जबकि सीमा प्रधान को मात्र 147 वोट मिले। इसके अलावा मुस्लिम क्षेत्र के किदवईनगर, तारापुरी, जाकिर कॉलोनी, चमड़ा पैठ, श्यामनगर, लखीपुरा सहित अन्य मुस्लिम क्षेत्रों कुछ बूथों को छोड़कर यहीं वोट प्रतिशत रहा।