- बसपा प्रत्याशी रजनीश अहलावत दूसरे नंबर पर रहे
दौराला। दौराला में निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र पाल सिंह ने बाजी मारी। उन्होंने बसपा के प्रत्याशी रजनीश अहलावत को हराया। पहले राउंड से ही निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र पाल सिंह सब पर भारी दिखाई दिए। बीच में बसपा प्रत्याशी ने बढ़त बना ली थी। परंतु, अंतिम राउंड के पास आते ही निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र पाल सिंह ने बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की।
निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र पाल सिंह को 4500, बसपा प्रत्याशी रजनीश अहलावत को 2968 व निर्दलीय प्रत्याशी रीमा शर्मा को 2882, भाजपा प्रत्याशी अंजू गुप्ता को 1521 मत मिले। देवेंद्र पाल सिंह ने 1532 वोटों से जीत हासिल की। एसडीएम सरधना पंकज सिंह राठौर ने देवेंद्र पाल को प्रमाणपत्र सौंपा। इस दौरान रवि चौधरी, कल्लू चेयरमैन, मोहित चौधरी, चांदवीर आदि मौजूद रहे।
भाजपाइयों की बेरुखी ने भाजपा प्रत्याशी को हराया
दौराला। भाजपा प्रत्याशी अंजू गुप्ता को दौराला में इस बार भाजपाइयों का भी साथ नहीं मिला। भाजपा के तमाम नेता इनके चुनाव से नदारद दिखाई दिए। केवल जिला अध्यक्ष विमल शर्मा ने कमान संभाल कर रखी। दौराला के रहने वाले पदाधिकारी भी चुनाव के दौरान अधिकांश नदारद ही दिखाई दिए। भाजपा के अंत समय में प्रत्याशी घोषित करना भी नगर पंचायत मेें भाजपा प्रत्याशियों की हार का कारण रहा।
सर्व समाज की वोट ने चेयरमैन बनाया: देवेंद्र पाल सिंह
दौराला। दौराला नगर पंचायत से चेयरमैन बनने के बाद देवेंद्र पाल सिंह ने कहा कि उन्हें सर्व समाज की वोट ने चेयरमैन बनाया है। वह लोगों से अपील करते हैं कि उनकी जीत पर कोई जुलूस ना निकाले। कोई आतिशबाजी ना करें। उनकी प्राथमिकता दौराला में विकास कार्य को बढ़ावा देना, भ्रष्टाचार को खत्म करना, सभी समाज के साथ मिलकर काम करना रहेगा।