नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट 2016-17 में अब रोमांच बढ़ता जा रहा है। बुधवार को खेले गए मुकाबले में चौधरी चरण सिंह विवि की टीम ने एचएनबीजी यूनिवर्सिटी श्रीनगर की टीम को 119 रन से करारी मात ही। इस जीत से सीसीएसयू की टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मेरठ विवि की टीम के लिए बुधवार का दिन अहम रहा। सीसीएसयू की टीम की तरफ से गौरव सिरोही ने 130 गेंदों को सामना करते हुए 117 रनों की पारी खेली। दूसरे सबसे बड़े स्कोरर शुभम अग्रवाल ने 75 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन बनाए। मेरठ की टीम ने 46 ओवर में 6 विकेट खोकर 273 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीनगर की टीम 35.3 ओवर में 154 रन बनाकर ही आउट हो गई। उधर, यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली की टीम ने आसानी से सीएसजेएम विवि कानपुर को हराया। कानपुर की टीम ने 10 विकेट खोकर 128 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम ने 3 विकेट खोकर 132 रन बनाकर मैच को सात विकेट से जीत लिया। हिमाचल प्रदेश विवि और अलीगढ़ विवि टीमों के बीच हुए मुकाबले में अलीगढ़ की टीम ने पहले खेलते 195 का टारगेट दिया। जवाब में हिमाचल प्रदेश की टीम 38.2 ओवर में 6 विकेट गवांकर मैच जीतने में सफल रही। कुरुक्षेत्र विवि की टीम के साथ खेले गए मैच में अल फलाह विवि की टीम हावी रही। अल फलाह की टीम ने 39.4 ओवर खेलते हुए 10 विकेट खोकर 186 रन बनाए। जवाब में कुरुक्षेत्र की टीम 28 ओवर में 108 रन बनाकर आल आउट हो गई।