कोल्हू से अपहृत युवक का नहीं चला पता, सपा नेता पहुंचे थाने
सरधना। अटेरना-नंगला आर्डर स्थित कोल्हू से अपहृत किए गए युवक का चार दिन बाद भी पता नहीं चल सका। बुधवार को सपा नेता अतुल प्रधान के नेतृत्व में परिजन थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। गुजरान गेट निवासी सीमा ने अपने भतीजे प्रशांत उर्फ कल्लू का दौराला के दो युवकों पर अपहरण कर किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। पुलिस द्वारा दोनों युवकों को हिरासत में लेकर प्रशांत की तलाश की जा रही है ,लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली। बुधवार को सपा नेता अतुल प्रधान के नेतृत्व में दौराला व अटेरना के ग्रामीण थाने पहुंचे और घेराव किया। अतुल प्रधान ने थानाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार सिंह से जल्द खुलासे की मांग की। वहीं परिजनों का कहना है कि जल्द घटना का खुलासा नहीं हुआ तो वह भूख हड़ताल तक पर बैठ जाएंगे। थानाध्यक्ष ने उन्हें खुलासे का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण लौट आए।