- पांच उपभोक्ताओं के यहां चेक मीटर के लिए लगाए गए थे स्मार्ट मीटर
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। स्मार्ट मीटर को लेकर बिजली उपभोक्ताओं के बीच भ्रांतियां एवं विभिन्न आरोपों के बीच बृहस्पतिवार को बिजली अफसर से लेकर उपभोक्ताओं तक एक राहत भरी खबर सामने आई है। शहर में पांच उपभोक्ताओं के यहां उनके पुराने स्मार्ट मीटर के साथ स्थापित किया चेक मीटर चेकिंग में खरे उतरे हैं। पुराने और नए मीटरों की रीडिंग में कोई अंतर नहीं मिला। मुख्य अभियंता मेरठ जोन प्रथम मुनीश चोपड़ा ने बताया कि शहर में पांच उपभोक्ताओं के यहां लगे उनके पुराने मीटरों के साथ ही चेक मीटर के तौर पर स्मार्ट मीटर एक महीने की अवधि के लिए स्थापित कराए गए थे। बुधवार को अधिशासी अभियंता मीटर एवं अधिशासी अभियंता कॉमर्शियल समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भेजकर उपभोक्ताओं के यहां लगाए गए चेक मीटरों की जांच कराई गई। मुख्य अभियंता मेरठ जोन मुनीश चोपड़ा ने पांचों उपभोक्ताओं से फोन पर बातचीत की तो उपभोक्ताओं ने संतुष्टि जताई। मुख्य अभियंता ने उपभोक्ता से अपील करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगवाने में उपभोक्ताओं को कोई नुकसान नहीं है। स्मार्ट मीटर सुविधाजनक होगा। संवाद