- 8 घंटे क्षेत्र के लोगों को नहीं मिली बिजली, उपभोक्ता रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कभी फाल्ट तो कभी मरम्मत कार्यों के कारण शहर की बिजली गुल हो रही है। बृहस्पतिवार को शहर के कई इलाकों में मरम्मत कार्यों के कारण बिजली नहीं रही। घंटाघर क्षेत्र में फाल्ट के कारण कई इलाकों में बिजली गायब रही। शताब्दी नगर से 33 केवी की लाइन में फाल्ट होने के कारण घंटाघर उपकेंद्र क्षेत्र के इलाकों में लगभग 8 से 9 घंटे तक बिजली नहीं रही। इस कारण खैर नगर बाजार समेत तमाम बाजारों में व्यापारियों को परेशान होना पड़ा।
सुबह 9 बजे के आस पास क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। पटेलनगर निवासी अकरम कुरैशी ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को इस मामले से अवगत कराया, लेकिन समय पर समस्या का समाधान नहीं हो सका। 33 केवी लाइन में फाल्ट के कारण क्षेत्र के खैर नगर, कोटला, दवा बाजार, केसरगंज, बन बटान, अहमदनगर, पटेल नगर, हुसैनाबाद, पूर्वा फैयाज अली आदि इलाकों में बिजली नहीं रही। कई इलाकों में लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। लगभग 25 से 30 हजार की आबादी को लगभग 8 से 9 घंटे तक बिजली और पानी न होने के कारण परेशान होना पड़ा। शाम 5 बजे के आस पास ही बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। क्षेत्र के अधिशासी अभियंता प्रशांत कुमार सोनी ने बताया कि 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन होने के कारण समस्या आई थी, जिसे ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई गई।