300 से अधिक राजस्व ग्रामों में एक भी कोरोना केस नहीं
मेरठ। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच कुछ सुखद जानकारियां आत्मविश्वास भी बढ़ा रही हैं। जिले के 601 राजस्व ग्रामों में 300 से अधिक गांव ऐसे हैं, जहां एक भी कोरोना केस नहीं मिला है।
यह बात जिलाधिकारी के.बालाजी ने कही है। उनका कहना है कि एक-दो दिन में ब्लॉकवार सूची जारी कर ऐसे गांवों के बारे में जानकारी दी जाएगी। वहीं, उन्होंने कहा कि जिले में सभी के प्रयासों से संक्रमण दर कम हो रही है। इसके लिए खुद मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह भी प्रयासरत हैं। वहीं, सीएचसी और पीएचसी में संसाधन बढ़ाने और सुविधाओं को निरंतर चलाने के लिए समिति का गठन कर दिया गया है।
इस समिति में उस क्षेत्र के एसडीएम, बीडीओ, एमओआई सहित अन्य पांच सदस्य शामिल किए गए हैं। ये सभी पीएचसी और सीएचसी के लिए बजट तैयार कर कार्य शुरू कराएंगे। जिले में 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। इसमें से दस पर 45 लीटर ऑक्सीजन प्लांट स्टोरेज के लिए प्रस्ताव तैयार हैं। हाल ही में माछरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी ने प्रस्ताव दिया है। इसमें लगभग 10 बेड तक की व्यवस्था प्लांट से हो जाएगी। बाकी के लिए ऑक्सीजन सिलिंडर से कार्य किया जाएगा।
जिले में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। बृहस्पतिवार तक 49.2 टन ऑक्सीजन उपलब्ध थी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी समितियों के द्वारा 849 मेडिसिन किट का वितरण किया गया है। इसके अलावा जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। जिसे 960 लीटर तक किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।