सरधना के सांप्रदायिक संघर्ष में अब तक गिरफ्तारी नहीं, चार तहरीर पर 100 बलवाइयों पर दर्ज है मुकदमा
सरधना। सरधना में बुधवार को हुए सांप्रदायिक संघर्ष में पुलिस द्वारा घटना के अगले दिन बृहस्पतिवार को चार लोगों की अलग-अलग तहरीर पर करीब 100 बलवाइयों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। शुक्रवार को नगर में माहौल सामान्य रहा। एक-दो जगहों पर पुलिस की पिकेट जरूर तैनात रही। पुलिस ने अभी तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की है।
नगर में जगमोहन नगर निवासी अरशद ने तीन दिन पूर्व मोहल्ला गढ़ी खटीकान के एक खाली प्लाट में ताश, जुआ आदि खेलने को लेकर उसके व एक महिला के साथ अभद्रता का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी थी। उसी रात मोहल्ला गढ़ी खटीकान में सैलून की दुकान पर सेविंग करा रहे सचिन खटीक के साथ भीड़ ने मारपीट की थी। उसके बाद नगर में जमकर बवाल हुआ। दो दुकानों में तोड़फोड़ की गई थी और 11 लोग घायल हुए थे।
बृहस्पतिवार को चार लोगों की तहरीर पर करीब 100 बलवाइयों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की गई, लेकिन एक भी मुकदमे में तहरीर में नामजदगी नहीं दी गई।
पुलिस प्रशासन की नरमी को लोगों में रोष पनप रहा है। खुफिया विभाग ने भी इनपुट पुलिस के आला अधिकारियों को दिए हैं। सीओ आरपी शाही का कहना है कि प्रकरण की जांच चल रही है। जल्द ही बलवाइयों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा।