मवाना/हस्तिनापुर/दौराला/मुंडाली(मवाना)। नगर पालिका के चार सफाई कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिलने से पालिका में हड़कंप मच गया। वहीं हस्तिनापुर की जे ब्लॉक कॉलोनी में भी दो लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों जगह से मरीजों को अस्पताल भेज दिया। उधर, दौराला सीएचसी पर कराई गई जांच में दो लोगों संक्रमित मिले। वहीं मुंडाली से मारपीट के मामले में जेल भेजे गए एक व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव मिला।
रविवार को मवाना नगर पालिका के 19 कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश भास्कर ने बताया कि मंगलवार को आई रिपोर्ट में नगर पालिका के चार सफाई कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्हें श्रीराम कालेज मेरठ भेज दिया गया है। चारों कर्मचारी मोहल्ला कल्याण सिंह के रहने वाले हैं। जहां से पहले ही चार पोजेटिव मेरठ जा चुके हैं, लेकिन इस क्षेत्र को सील नहीं कराया गया है।
अब तक मिले 23
उल्लेखनीय है कि मोहल्ला कल्याण सिंह पुराने बिजलीघर के पास एक महिला दो सप्ताह पहले संक्रमित मिली थी। बाद में इसी के परिवार के तीन और लोग पॉजिटिव मिले थे। मोहल्ला कल्याण सिंह में अब तक 8 लोगाें को कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारी इस इलाके को गंभीरता से सील कराने पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लापरवाही के कारण यहां मामले बढ़ रहे हैं। वहीं नगर में अब तक कोरोना पॉजिटिव की संख्या 23 हो चुकी है। इससे लोगों में दहशत है।
दो दिन में तीन मरीज मिले
हस्तिनापुर। कस्बे की जे ब्लॉक कॉलोनी में मंगलवार को दो लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई। इससे स्वास्थ्य विभाग और पुलिस में अफरा तफरी की स्थिति रही। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिजनों को होम क्वारंटीन किया। सामुदायिक स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी डॉ. राहुल वर्मा और थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने कार्रवाई पूरी कराई। दोनों पॉजिटिव चाचा भतीजे हैं। वह एक प्रोविजन स्टोर चलाते हैं। टीम अब इनके संपर्क में आने वाले लोगों को तलाश करेगी। चिकित्सा अधिकारी डॉ. रक्षित सिंह और स्वास्थ्य कार्यकर्ता मनोज कुमार, सोनू कुमार व अंशुल ने दोनों को मुलायम सिंह मेडिकल भिजवाया। वहीं क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित कर थाना पुलिस ने सील कर दिया। वहीं कस्बे में सोमवार को भी एक पॉजिटिव मिला था।
सीएचसी पर आधा घंटे में मिली रिपोर्ट
दौराला। स्वास्थ्य विभाग ने अब सीएचसी पर एंटीजन किट शुरू कर दिए गए। इस टेस्ट से आधा घंटे में ही रिजल्ट मिल जाता है। मंगलवार को सीएचसी दौराला पर इसकी शुरूआत की गई। टीम ने 14 लोगों की जांच की। जांच में मेरठ शहर में पॉजिटिव मिले एक बैंककर्मी और मेडिकल में काम करने वाली शहर की एक नर्स की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। 12 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि इस टेस्ट के जरिए आधा घंटे में ही रिजल्ट सामने आ जाता है।
बंदी के परिजनों के सैंपल भेजे
मुंडाली। थाना मुंडाली के गांव मुंडाली में एक व्यक्ति 24 जून को झगडे़ में जेल गया था। मंगलवार को जेल में उसे कोरोना की पुष्टि हुई। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने उसके परिजनों को क्वारंटीन कर सैंपल जांच के लिए भेज दिया। सीएचसी खरखौदा प्रभारी डॉ. आरके सिरोहा ने बताया कि टीम ने मंगलवार को 15 लोगों को होम क्वारंटीन करा दिया। वहीं जेल भेजने वाले पुलिसकर्मी भी दहशत में है।