मेरठ। नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में बुधवार को वेस्ट यूपी के तीन जिलों में मतदान हुआ। तीनों जिले में वोट प्रतिशत का अलग-अलग रहा। मेरठ में एक नगर निगम सहित कुल 16 निकायों के लिए औसत मतदान 60.7 प्रतिशत रहा। सबसे कम मतदान नगर निगम में हुआ तो सबसे ज्यादा मतदान पहली बार नगर पंचायत बनी खिवाई नगर पंचायत में हुआ।
विज्ञापन
नगर निगम क्षेत्र में महापौर और 90 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के लिए मतदान हुआ। सुबह से ही मुस्लिम और दलित बाहुल्य इलाकों में मतदान केंद्रों के बाहर लंबी लाइन लगी नजर आई। हिंदू बाहुल्य इलाकों में सुबह से शाम तक धीमी गति से मतदान हुआ। शाम तक नगर निगम में कुल 50.87 मतदान हुआ। नगर निगम में महापौर पद के लिए हुए मतदान में भाजपा, बसपा, सपा, कांग्रेस और रालोद व तीन निर्दलीय समेत कुल आठ प्रत्याशी मैदान में थीं। लेकिन मतदाताओं के ध्रुवीकरण के बीच मुकाबला भाजपा और बसपा के बीच सिमटा हुआ नजर आया। नगर पालिका परिषद मवाना में 60, नगर पालिका परिषद सरधना में 67.03, नगर पंचायत खरखौदा में 75, सिवालखास में 72.59, हस्तिनापुर में 65.97, किठौर में 76.05, परीक्षितगढ़ में 66.01, लावड़ में 73, बहसूमा में 72, फलावदा में 61, करनावल में 75, दौराला में 70, शाहजहांपुर में 62, हर्रा में 78.05 और खिवाई में 82 प्रतिशत मतदान हुआ।
बिजनौर सांसद की पैतृक नगर पंचायत ने सबसे अधिक मतदान करके बाजी मारी
वोट डालने पहुंचे लोग
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर। निकाय चुनाव में 12 नगरपालिकाओं व छह नगरपंचायत के लिए जिले में 65.93 प्रतिशत वोट पड़े हैं। नगरपालिकाओं में सबसे अधिक मतदान हल्दौर में 76 प्रतिशत तथा बिजनौर के सांसद भारतेन्द्र सिंह के पैत्रिक नगरपंचायत साहनपुर 71.65 प्रतिशत वोटिंग करके अव्वल रही हैं। नजीबाबाद नगरपालिका में सबसे कम 54.34 प्रतिशत मतदान हुआ है। पिछले निकाय चुनाव के मुकाबले मतदान में मात्र 03.57 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
चुनाव आयोग ने निकाय चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए पूरी ताकत झोक दी थी। इसके बाद भी मतदान प्रतिशत मामूली बढ़ा है। पिछले निकाय चुनाव में जिले का मतदान प्रतिशत 61.36 प्रतिशत था। इस बार जिले में 65.93 प्रतिशत वोटिंग रही है। इस प्रकार पांच साल बाद मतदान में मात्र 03.57 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस बार सबसे अधिक मतदान हल्दौर नगरपालिका में 76 प्रतिशत हुआ। इसके बाद शेरकोट नगरपालिका में 71 प्रतिशत वोट पडे़ हैं। नजीबाबाद नगरपालिका में मतदाताओं ने मतदान में सबसे कम रुचि ली है। वहां केवल 54.34 प्रतिशत मतदान हुआ है। बिजनौर सांसद के पैत्रिक निवास साहनपुर के लोगों ने बढ़ चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। इसके चलते वहां नगर पंचायतों में सर्वाधिक मतदान 71.65 प्रतिशत वोट पडे़ हैं। इसके बाद झालू नगरपंचायत 71 प्रतिशत मतदान करके दूसरे नंबर पर है। बढ़ापुर नगरपंचायत में सबसे कम 65 प्रतिशत मतदान हुआ है। चांदपुर, नगीना, अफजलगढ़, स्योहारा, शेरकोट, नहटोर व धामपुर नगरपालिकाओं में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान रहा।
चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न- डीएम
डीएम जगतराज के अनुसार जिले में निकाय चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है। कही से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
वोट डालने पहुंचीं मुस्लिम महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
शामली। नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में शामली जिले में छिटपुट घटनाओं और विवादों के बीच शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। जिले का कुल मतदान प्रतिशत 66.82 रहा। सर्वाधिक 73.36 प्रतिशत नगर पंचायत बनत में हुआ। वहीं, नगर पालिका परिषद शामली 61.05 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे रहा।
बुधवार को जिले की नगरपालिका परिषद शामली, कांधला, कैराना और झिंझाना, ऊन, गढ़ीपुख्ता, थानाभवन, जलालाबाद, बनत, एलम नगर पंचायतों में सुबह साढ़े सात बजे मतदान प्रक्रिया शुरू करा दी गई थी। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिले में दो कंपनी पैरामिलिट्री और तीन कंपनी पीएसी के अलावा मुजफ्फरनगर तथा सहारनपुर से पुलिस बुलाया गया था। दोपहर तक 50 प्रतिशत मतदान हो गया था लेकिन उसके बाद मतदान की रफ्तार धीमी पड़ गई। मतदान के दौरान कैराना, कांधला, झिंझाना और शामली में कुछ मतदान केंद्रों पर फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर हंगामे की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाल ली। शामली के वीवी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में नोकझोंक भी हुई, तो कैराना में पुलिस ने एहतियातन अधिकांश प्रत्याशियों को सुबह से ही थाने में बैठा लिया था।
कांधला में मतदाताओं ने मतदाता सूची से नाम कटने को लेकर हंगामा किया, तो पालिका के क्लर्क को एक प्रत्याशी के पक्ष में मतदाताओं को बरगलाने के आरोप पर भी हंगामा हुआ। मतदान का निर्धारित समय पांच बजे तक जिले के सभी निकायों में करीब 66.82 प्रतिशत मतदान हो गया। शाम को शामली के कृषि उत्पादन मंडी स्थल, झिंझाना के आरएसएस इंटर कॉलेज और कैराना के पब्लिक इंटर कॉलेज में मतपेटियां स्ट्रांग रूम में जमा करा दी गई। स्ट्रांग रूम पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं।
निकाय कुल मतदाता मतदान मतदान प्रतिशत
कैराना 65,094 -------- 43582 --------- 66.95
कांधला 32,218---------- 21761 --------- 67.54
शामली 91,580-------- 55911 --------- 61.05
एलम 10,667----------7371-------------69.10
जलालाबाद 20,392---------14548------------71.34
ऊन 13,294---------- 9525------------71.65
गढ़ीपुख्ता 9,842---------- 7181------------72.96
बनत 14088----------10336-----------73.36
झिंझाना 14,437---------10168------------70.43
थानाभवन 30,042---------21203------------70.58
योग 301654--------201586 ---------- 66.82
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें