केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ बीना वाधवा- file photo
- फोटो : अमर उजाला
जाट समाज से बीना वाधवा मजबूत दावेदारी कर रही हैं। उनके पति सुनील वाधवा पंजाबी हैं, ऐसे में वह जाट, पंजाबी और महिला तीनों कोटे से दावेदारी कर रही हैं। इनके अलावा डॉ. तनुराज सिरोही, डॉ. जेवी चिकारा, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज राठी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित चौधरी भी दावेदारी कर रहे हैं। इनके अलावा विनोद चौधरी, अंजू वारियर, रविंद्र तेवतिया, सचिन सिरोही और राहुल आदि ने भी आवेदन किए हैं।
सैनी समाज ने भी अपने प्रतिनिधित्व को लेकर आवाज उठाई है। पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी का कहना है कि उनके समाज के मतदाताओं की संख्या कम नहीं है, ऐसे में उनके भाई समय सिंह सैनी की मजबूत दावेदारी है। प्रजापति समाज से लोकेश प्रजापति, सुशील प्रजापति आदि ने आवेदन किया है। जोगी समाज ने भी रविवार को सम्मेलन करके महौपार में प्रतिनिधित्व देने की मांग की है। पूर्व मेयर हरिकांत अहलूवालिया पिछड़ी जाति और पंजाबी कोटे से मजबूत दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा के लिए टिकट की राह आसान नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: बागपत में किसान की गोली मारकर हत्या, शामली में पुलिसकर्मी के मकान में डकैती
रालोद मुखिया जयंत चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
खतौली फार्मूले के साथ चुनाव लड़ सकता है गठबंधन
खतौली विधानसभा उपचुनाव में जीत के फार्मूले का गठबंधन पूरे प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में इस्तेमाल कर सकता है। खतौली उपचुनाव में आजाद समाज पार्टी (आसपा ) के समर्थन के बाद उपचुनाव में सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया ने जीत दर्ज की थी। निर्वाचन आयोग के चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है। ऐसे में सभी दल चुनाव के समीकरण में जोड़-तोड़ में लग गए हैं। हालांकि वहां बसपा चुनाव मैदान में नहीं थी, जिसका फायदा आसपा को मिला था। निकाय चुनाव बसपा भी लड़ेगी तो समीकरण बदल सकते हैं।
इसके अलावा अभी गठबंधन और आसपा की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। सपा-रालोद गठबंधन के साथ आसपा का गठंबधन होगा या नहीं इस पर चंद्रशेखर आजाद का कहना है कि 14 अप्रैल को मध्यप्रदेश में एक कार्यक्रम है, जिसके बाद पार्टी घोषणा करेगी कि चुनाव में गठबंधन करेंगे या नहीं। एक विचारधारा के लोग एक साथ आएं तो इसमें कोई बुराई भी नहीं है, लेकिन जब तक कुछ बातें फाइनल नहीं होती हैं, उस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह और रालोद जिलाध्यक्ष मतलूब गौड का कहना है कि गठबंधन के बारे में हाईकमान ही तय करेगी। हाईकमान के जो भी निर्देश आएंगे, उनका अनुपालन किया जाएगा।
कताई मिल और तहसीलों में होगी मतगणना
नगर निगम में एक महापौर और 90 पार्षद का चुनाव ईवीएम मशीन से होगा। ईवीएम मशीन को परतापुर कताई मिल में रखा जाएगा। मशीनों की स्थिति जानने के लिए पहला ट्रायल हो चुका है। नगर पालिका मवाना, नगर पंचायत किठौर, शाहजहांपुर, परीक्षितगढ़, हस्तिनापुर, फलावदा, बहसूमा की कृषक इंटर कॉलेज मवाना में मतपेटी जमा होंगी। इसी तरह सरधना तहसील की नगर पालिका पालिका, नगर पंचायत, लावड़, दौराला, हर्रा, खिवाई, करनावल की मतपेटियां संत चार्ल्स इंटर कॉलेज सरधना में जमा की जाएंगी। नगर पंचायत खरखौदा, सिवालखास के मतपेटी सदर मेरठ तहसील में जमा होंगी। इन्हीं स्थानों पर मतगणना होगी।
आचार संहिता लगाते हुए नगर सेे पोस्टर, बैनर उतारे
नगर निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होते ही सरधना में नगर पालिका प्रशासन ने राजनीतिक दलों से जुड़े बैनर-पोस्टर उतारे। सरधना के तहसील रोड पर लगे अधिकांश नेताओं के होर्डिंग उतार दिए गए। अन्य मार्गों पर भी राजनीतिक प्रचार सामग्रियों को उतारने का काम जारी रहा।
नगर पंचायत हर्रा, खिवाई, करनावल में शाम तक नगर के सभी मार्गों से प्रचार सामग्री हटाई नहीं जा सकी थी। ईओ शशि प्रभा चौधरी ने बताया कि जल्द ही नगर के सभी जगहों पर लगे होर्डिंग, बैनर हटवा दिए जाएंगे। जिन लोगों ने छत पर होर्डिंग लगाया है अगर वह खुद नहीं हटाते हैं तो उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। एसडीएम पंकज प्रकाश राठौर ने कहा कि आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। क्षेत्र के सभी चौराहों से होर्डिंग, बैनर हटा दिए जाएंगे।