परमजीत की मौत के मामले में एनआईए ने की जांच
मेरठ। परमजीत की मौत के मामले में बृहस्पतिवार को एनआईए टीम ने हस्तिनापुर पहुंचकर जानकारी ली। एनआईए जांच कर रही है कि आखिर परमवीर की मौत कैसे हुई। उसने खुद जहर खाया है या फिर कोई दूसरी वजह है। पीड़ित परिवार के अलावा डॉक्टरों से भी जानकारी ली गई।
एनआईए और पंजाब पुलिस ने रामराज क्षेत्र के बहसूमा निवासी गगनदीप की निशानदेही पर 12 जुलाई को हस्तिनापुर के दूधली गांव में छापा मारकर परमवीर उर्फ मंगल को उठाया था। केएलएफ (खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स) को हथियार सप्लाई के शक में परमवीर से पूछताछ की गई थी। इसके बाद उसे दो दिन बाद एनआईए ने चंडीगढ़ बुलाया। परमवीर के पिता अजित सिंह का कहना है कि 19 जुलाई को पूछताछ के बाद वह चंडीगढ़ से लौट आया था।
मंगलवार रात परमजीत ने जहर खाकर जान दे दी थी। बृहस्पतिवार को एनआईए जांच करने के लिए पहले हस्तिनापुर और फिर मवाना पहुंची। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एनआईए ने पीड़ित परिवार और अस्पताल के डॉक्टरों से भी जानकारी ली। परमवीर ने क्यों जान दी, इसकी गंभीरता से जांच होगी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि परमवीर की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है। एनआईए की टीम के आने की जानकारी नहीं है।