कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली-देहरादून हाईवे (एनएच-58) पर बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से भारी वाहनों और रोडवेज बसों का आवागमन बंद करते हुए 22 जुलाई की शाम तक रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी गई। वहीं, 15 जुलाई की रात 12 बजे से इस हाईवे को वनवे कर दिया जाएगा।
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी के अनुसार 21 जुलाई तक हाईवे पर केवल एक तरफ हल्के वाहन चलेंगे। जबकि बृहस्पतिवार को हाईवे पर भारी वाहन प्रतिबंधित करते हुए रोडवेज बसों को भी दूसरे रूट से निकाला गया। कुछ स्थानों पर भारी वाहन और रोडवेज बसें पहुंच गई। लेकिन शाम होते ही ट्रैफिक पुलिस ने मुख्य प्वाइंटों पर सख्ती कर दी।
शहर में भी रहेगा वनवे
टीएसआई दीनदयाल दीक्षित ने बताया कि वनवे व्यवस्था शहर में भी लागू रहेगी। परतापुर तिराहे से बेगमपुल तक दिल्ली रोड को वनवे कर दिया जाएगा। बेगमपुल से मोदीपुरम तिराहे तक भी वनवे रहेगा। इसके अलावा बेगमपुल से हापुड़ अड्डा और हापुड़ अड्डे से शास्त्रीनगर एल ब्लॉक तक भी मार्ग वनवे रहेगा।
बंद होंगे कट
एसएसपी मंजिल सैनी के निर्देश पर बृहस्पतिवार शाम से ट्रैफिक पुलिस, सभी सीओ और थाना प्रभारियों ने हाईवे और कांवड़ मार्ग पर सभी कट बंद करने शुरू कर दिए हैं। 15 जुलाई की रात्रि तक सभी कट बंद कर दिए जाएंगे।
गढ़ रोड पर लगा भीषण जाम
डायवर्जन लागू होते ही सोहराब गेट बस अड्डे पर भैसाली बस अड्डा शिफ्ट कर दिया गया है। जिसके चलते गढ़ रोड पर रोडवेज बसों की संख्या बढ़ने से दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, हापुड़ रोड, मेरठ-बिजनौर मार्ग और मेरठ-गढ़ मार्ग पर भी वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या शुरू हो गई है।