मेरठ के ओल्ड प्रेमपुरी रेलवे रोड निवासी अनंत जैन ने नीट की परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर पांच वी रैंक प्राप्त की है। अनंत ने 12वीं की पढ़ाई अभिनव पब्लिक स्कूल पीतमपुरा दिल्ली से की।
इसके बाद उन्होंने कुछ दिन कोटा में कोचिंग भी लिया। 11वीं में उन्होंने मेरठ में ही कोचिंग ली। अनंत की मम्मी सारिका जैन कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात हैं। पापा अतुल कुमार जैन कपड़े के व्यापारी हैं।
अनंत की बड़ी बहन अपूर्वा जैन श्री राम मूर्ति कॉलेज बरेली में एमबीबीएस की छात्रा है। बड़े भाई समकित जैन भी एम्स नागपुर में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर के छात्र हैं।
अनंत जैन का सपना एम्स दिल्ली में दाखिला लेने का है। इसके लिए वह 12 जून को रिजल्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। अगर वहां पर उनका नंबर नहीं आता है तो वे नीट के जरिए मौलाना आजाद दिल्ली के मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेंगे।
अनंत ने शुरू से ही मोबाइल और टीवी से दूरी रखी। अनंत की मम्मी बताती हैं कि बेटे को पढ़ाई के साथ ही ठीक से रहने की सलाह दी। समय से खाना और 6 घंटे की कम से कम नींद पूरी करना उसकी दिनचर्या में शामिल रहा। बाकी समय अनंत ने पढ़ाई में बिताया।
माता पिता के साथ पार्थ गिल
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के पार्थ गिल की ऑल इंडिया स्तर पर 27 वी रैंक
मेरठ देहात क्षेत्र के मवाना रोड स्थित पंचवटी कॉलोनी निवासी पार्थ गिल ने नीट में ऑल इंडिया स्तर पर 27 वीं रैंक हासिल की है। पार्थ के पिता मनोज कुमार बुढाना तहसील में तहसीलदार के पद पर तैनात हैं। मम्मी कविता सिंह कचहरी में अभियोजन अधिकारी हैं।
पार्थ ने दिल्ली से 92.8 प्रतिशत अंक पाकर 12वीं पास की। 6 से 7 घंटे पढ़ाई करने के बाद इस सफलता को प्राप्त किया। पार्थ बताते हैं कि उनकी सफलता में मम्मी का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ उनके खानपान पर बहुत ध्यान रखा। पार्थ ने दिल्ली के साथ ही मेरठ से भी कोचिंग ली। पार्थ का सपना एम्स दिल्ली में एडमिशन लेने का है।
वह बताते हैं कि अगर वहां पर नंबर नहीं आया तो उनकी दूसरी पसंद नीट के जरिए मौलाना आजाद दिल्ली मेडिकल कॉलेज होगा। पार्थ को फुटबॉल खेलने का शौक है। इसके साथ ही उन्होंने पढ़ाई के लिए यूट्यूब का भी इस्तेमाल किया। पार्थ के एक छोटे भाई तन्मय हैं।