आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में चल रहे एनसीसी कैंप का मुख्यालय के ब्रिगेडियर ने किया निरीक्षण
मेरठ। आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में 72 यूपी बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के ब्रिगेडियर पदम सिंह जांगू ने निरीक्षण किया।
शिविर में मेरठ और मुजफ्फरनगर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के लगभग 600 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। कैडेट्स ने ब्रिगेडियर जांगू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कैंप कमांडेंट कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी ने शिविर की दैनिक गतिविधियों से अवगत कराया। जांगू ने कैडेट्स से बातचीत की और उनकी दिनचर्या व अभ्यास के बारे में सवाल पूछे। जांगू ने कहा कि यह कैंप आपको जीवन के कठिन समय का सामना करना सिखाता है। उन्होंने बालिका कैडेट्स के जोश की तारीफ करते हुए कहा कि एनसीसी उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है।
आर्मी भर्ती कार्यालय के कर्नल सत्यजीत ने कैडेट्स को सेना में भर्ती होने की तीनों प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कमीशंड ऑफिसर रैंक के लिए एनडीए, ओटीए, आईएमए और एनसीसी विशेष भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी।