नवीन मंडी में मुख्य मार्ग पर लगा धर्मकांटा आधी-अधूरी व्यवस्थाओं के बीच शनिवार को शुरू हो गया। जहां दिन में धर्मकांटे का बैलेंस ठीक किया गया। वहीं, मंडी में सब्जी, फल और खाद्यान्न लेकर आने वाले वाहनों का वजन होना शुरू हो गया। हालांकि वाहनों को रोकने के लिए न तो अभी बैरियर लगे हैं और न ही इसके लिए किसी कर्मचारी की तैनाती की गई है।
अमर उजाला ने शनिवार के अंक में नवीन मंडी के धर्मकांटे में अधर्म का खेल उजागर किया। जिसके बाद मंडी समिति अधिकारियों की नींद टूटी। मंडी समिति के अधिकारियों ने जहां धर्मकांटा चालू कराया तो इससे संबंधित समस्याओं का भी संज्ञान लिया।
45 गाड़ियों का मिला रिकॉर्ड
शनिवार सुबह से शाम पांच बजे तक मंडी में आने वाली माल से भरी गाड़ियों को धर्मकांटा पर तौला गया। करीब 45 गाड़ियों का रिकॉर्ड कंप्यूटर में दर्ज मिला। जबकि मंडी में रात्रि में माल से भरे वाहन अधिक पहुंचते हैं।
बिना बैरियर और कर्मचारी नहीं सदुपयोग
धर्मकांटा मुख्य मार्ग पर है। लेकिन बैरियर नहीं है। न ही वाहनों को रोकने के लिए कोई कर्मचारी। सब्जी, फल और खाद्यान्न से भरे वाहन तेज गति से आते हैं। जो धर्म कांटे पर वाहन रोकते ही नहीं हैं। धर्मकांटे पर एक कर्मचारी ही तैनात है, जो अंदर कंप्यूटर पर बैठता है। जब तक धर्मकांटे पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोकने के लिए किसी कर्मचारी की तैनाती नहीं होगी, इसका सदुपयोग नहीं होगा।
धर्मकांटे में रहता है बैलेंस
धर्मकांटे में आए दिन बैलेंस रहता है। कारण है कि मुख्य मार्ग पर होने के चलते धर्मकांटे से भारी वाहन गुजरते हैं। जब तक भारी वाहनों को गुजरने के लिए अन्य कोई मार्ग नहीं दिया जाता, तब तक धर्मकांटे की स्थिति में सुधार आने की संभावना नहीं है।
वाहन रोकने के लिए लगेंगे कर्मचारी
मंडी समिति सचिव नरेंद्र सिंह का कहना है कि धर्मकांटे पर वाहनों को रोकने के लिए एक गार्ड की तैनाती की जाएगी। अधिकतर वाहन चालक अपने वाहन धर्मकांटे पर रोकते ही नहीं हैं। जिसके कारण धर्मकांटे पर सामान तुलवाने वाले वाहनों की संख्या कम रहती है। अब इस संख्या को बढ़ाया जाएगा। धर्मकांटे का बैलेंस भी ठीक करा दिया गया है।