नवरात्र के दौरान शहर के रेस्टोरेंट व होटलों में फलाहारी थाली की व्यवस्था रहेगी। 9 दिनों तक भक्तों की सुविधा के लिए शहर के अधिकांश होटलों ने अपने यहां व्रत की थाली की व्यवस्था की है। व्रत की थाली में इस बार लोगों की सेहत का ख्याल रखते हुए कम चिकनाई और कम मीठे व्यंजनों को शामिल किया है। पेय पदार्थों से लेकर खाना, स्नैक्स और पूरी थाली का हर व्यंजन सेंधे नमक से तैयार किया जाएगा। सफाई व शुद्धता का विशेष ख्याल रखते हुए व्रत की थाली तैयार की जा रही है। खास बात यह है कि इस साल व्रत का यह खाना लकड़ी और स्टील के बर्तनों में सजेगा। क्रॉकरी के स्थान पर स्टील के बर्तनों का प्रयोग हेाटलों में किया जा रहा है।
ड्रिंक्स, स्नैक्स संग थाली
फलाहारी थाली में धनिया की चटनी, आंवला चटनी, मूंगफली दही का डिप, आलू चिप्स, आलू पापड़, साबूदाना पापड़, नमकीन, रोस्टेड मूंगफली, आलू लच्छा, नमकीन लस्सी, मीठी लस्सी, जूस, शर्बत, शिकंजी, फलों की चाट, सलाद, आलू टिक्की, साबूदाना कटलेट, साबूदाना खिचड़ी, सामक के चावल, मेवे की खीर, मेवा चाट, चौलाई का लड्डू, चौलाई की बर्फी, कुट्टू की पूडी, आलू कचौरी, आलू का हलवा, कुट्टू का पकौड़ा, साबूदाना चाप, दही, रायता, अखरोट लस्सी, केले के कोफ्ते आलू चाप, सामक चावल खीर, सामक खिचड़ी, आलू सब्जी आदि शामिल हैं।
- स्टील और लकड़ी की थाली में परोसेंगे भोजन
- फलाहार थाली के साथ होगा गेम्स और डांडिया का आयोजन