जिला पंचायत का वर्तमान बोर्ड शायद जिला पंचायत के इतिहास का सबसे चर्चित और विवादित बोर्ड रहेगा। हर दिन एक नया विवाद यहां सामने आ रहा है। अब नया मामला नौचंदी मेला उद्घाटन को लेकर सामने आया है। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष ने पुरानी परंपरा को दरकिनार कर मेला उद्घाटन जनप्रतिनिधियों से कराने का कार्यक्रम तय कर दिया। इस पर ऐसा विवाद हुआ कि प्रशासनिक महकमा भी हिल गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान सपा नेता अतुल प्रधान की पत्नी हैं। जो समाजवादी पार्टी से हैं जबकि प्रदेश में इस समय भाजपा की सरकार आ चुकी है। लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष अभी भी कहीं न कहीं अपनी पार्टी को वरीयता देने की कोशिश में लगी रहती हैं। जिसके चलते जिला पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी ही नहीं प्रशासनिक अधिकारी भी परेशान हैं।
नौचंदी मेला होली के दूसरे रविवार को शुरू होता है। इस बार भी उद्घाटन 26 मार्च को होना है। इस मेले का उद्घाटन आज तक मंडलायुक्त और समापन जिलाधिकारी करते रहे हैं और सभी मेला आयोजन समितियों ने इस परंपरा का निर्वहन किया है। लेकिन इस बार मेला उद्घाटन के लिए पहले जिला पंचायत अध्यक्ष की तरफ से जो कार्ड छपवाया गया, उसके मुख्य अतिथि सपा नेता और सांसद धर्मेंद्र यादव का नाम छपवाया गया। इस निमंत्रण पत्र को देख प्रशासनिक अधिकारियों के होश उड़ गये। एक तरफ पुरानी परंपरा टूटती नजर आयी, तो उससे बड़ा खतरा प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद सपा सांसद धर्मेंद्र यादव का नाम होना। जबकि मेरठ में स्थानीय भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री तक मौजूद हैं।