मेरठ..कंवलजीत..बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर प्रेसवार्ता करती राष्ट्रीय प्रवक्ता ऋतू चौ
मेरठ। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रितु चौधरी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले के जरिये भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। तथ्यों को तोड़-मरोड़कर लोगों का ध्यान महत्वपूर्ण मुद्दों से हटाया जा रहा है। अपनी विरासत का अपमान करना ही भाजपा की सोच है।
सोमवार को बुढ़ाना गेट स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से बैठक के बाद वार्ता में उन्होंने यह बात कही। रितु चौधरी ने कहा कि गुजरात में कांग्रेस के ऐतिहासिक अधिवेशन से बौखलाई भाजपा सरकार ने फिर से कांग्रेस पार्टी पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को छोड़ दिया है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दायर तथाकथित आरोपपत्र कुछ और नहीं बल्कि राजनीतिक षड्यंत्र है।
उन्होंने कहा कि पहली बार मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप ऐसे मामले में लगाए जा रहे हैं, जिसमें एक भी पैसा या संपत्ति हस्तांतरित नहीं की गई है। ईडी के मामलों में सजा की दर सिर्फ एक फीसदी है। इसके अलावा, ईडी ने जो राजनीतिक मामले दर्ज किए हैं, उनमें से 98 प्रतिशत मामले सत्ताधारी पार्टी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गौरव भाटी, महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, पार्टी प्रवक्ता हरि किशन वर्मा, सलीम खान, कपिल पाल, विनोद सोनकर, अजय शर्मा, नसीम कुरैशी, हेमंत प्रधान सहित अन्य मौजूद रहे।