फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओलंपियन तीरंदाजों का स्वर्णिम निशाना

Sun, 18 Oct 2015 02:10 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
कैलाश प्रकाश स्टेडियम में शनिवार को ओलंपियन तीरंदाजों ने पदक पर निशाना साधा। पुरुष वर्ग में ओलंपियन जयंत तालुकदार और महिला वर्ग में बोम्बायला देवी ने स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले 36वीं राष्ट्रीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता के रिकर्व इवेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीआईजी आशुतोष कुमार, महापौर हरिकांत अहलुवालिया ने किया।
विज्ञापन

स्टेडियम में सुबह करीब आठ बजे रिकर्व इवेंट की सभी 38 टीमें मैदान पर पहुंचीं।

 सर्वप्रथम आफिशियल प्रैक्टिस और तीरंदाजों के उपकरणों की जांच की गई। पहले पुरुष क्वालीफाइंग और फिर महिला क्वालीफाइंग 70 मीटर इवेंट के मैच खेले गए। रिकर्व पुरुष वर्ग के व्यक्तिगत इवेंट में एसपीएसबी के ओलंपियन जयंत तालुकदार ने 70 मीटर के पहले राउंड में 331 और दूसरे राउंड में 342 अंक हासिल कर कुल 673 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। सिक्किम के ओलंपियन तरुणदीप राय और मेघालय के सोनम पलडे़ लेपचा ने 672 अंक हासिल किए। दो बार के ओलंपियन तरुणदीप के टारगेट प्वाइंट 32 होने के कारण उन्हें रजत और सोनम पी लेप्चा को कांस्य पदक दिया गया। ओलंपियन तीरंदाजों के बीच सोनम का शानदार प्रदर्शन रहा।

रिकर्व महिला वर्ग के व्यक्तिगत इवेंट में आरएसपीबी की दो बार की ओलंपियन बोम्बायला देवी ने पहले राउंड में 329 दूसरे राउंड में 329 अंक हासिल कर कुल 658 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। ओलंपियन दीपिका कुमारी ने पहले राउंड में 323 और दूसरे राउंड में 328 अंक के साथ कुल 651 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। रिमिल बुरिउली ने पहले राउंड में 325 और दूसरे राउंड में 322 अंक के साथ कुल 647 अंक प्राप्त कर कांस्य पदक कब्जाया।
विज्ञापन


इसके अलावा पुरुष व महिला वर्ग में टीम इवेंट खेले गए। पुरुष व महिला वर्ग की प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ 16 टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इस मौके पर उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के सचिव अजय गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि हर्ष गोयल, स्थल व्यवस्थापक पूर्व पार्षद ललित नागदेव, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी मुद्रिका पाठक, अरुण जिंदल, कोच जबर सिंह सोम, नवीन गुप्ता, दर्जा प्राप्त मंत्री मोहम्मद अब्बास मौजूद रहे।

आज इनके बीच मुकाबले
रिकर्व इवेंट में रविवार सुबह 8.15 बजे से पुरुष व महिला वर्ग के ओलंपिक इवेंट होंगे। दोपहर दो बजे से मिक्स टीम इवेंट शुरू होंगे। जिसमें तीन बजे स्वर्ण और कांस्य पदक के मुकाबले चार बजे होंगे। चार बजे से टीम इवेंट में पुरुष वर्ग में आरएसपीबी और हरियाणा के बीच स्वर्ण पदक एवं आर्मी और मध्य प्रदेश के बीच रजत पदक के लिए मुकाबला होगा। महिला वर्ग में आरएसपीबी और झारखंड के बीच स्वर्ण पदक एवं पंजाब और महाराष्ट्र के बीच रजत पदक के लिए मैच खेला जाएगा। ओपनिंग सेरेमनी 4.30 बजे होगी।

नहीं आएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का किसी कारण से प्रतियोगिता के समापन पर नहीं आ रहे हैं। अब समापन समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र होंगे। साथ ही सांसद राजेंद्र अग्रवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
 
मांसपेशी खिंचने से चूकीं ओलंपियन दीपिका
मेरठ। ओलंपियन तीरंदाज दीपिका कुमारी की मांसपेशियों में खिंचाव आने के कारण वह स्वर्ण पदक से चूक गईं। क्वालीफाइंग के व्यक्तिगत इवेंट में निशाना लगाते समय दीपिका की कमर में दर्द हुआ, जिस कारण वे सही से निशाना नहीं लगा सकीं। उन्हें काफी देर तक ट्रेनर ने ट्रीटमेंट दिया। इसके बाद दीपिका खेल सकीं। दीपिका ने बताया कि तबियत खराब होने के कारण वह स्वर्ण से जरूर चूक गईं, लेकिन यहां खेलने का अनुभव अच्छा रहा।

मेरठ के गुरुकुल प्रभात आश्रम के बारे में दीपिका ने कहा कि मैं गुरुकुल आश्रम गई हूं। वहां जाकर अच्छा लगा है। मेरठ के माहौल और अपने कामयाबी के बारे में कहा कि मेरठ में लोगों में खेल भावना है। जब लोग मेरे साथ फोटो खिंचवाते हैं तो अच्छा लगता है। मेरठ के लोग खेलों को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने स्टेडियम की व्यवस्थाओं को भी बेहतर बताया।

दीपिका को किया सम्मानित
कैलाश प्रकाश स्टेडियम में शनिवार को प्रजापति रत्न संस्थान ने ओलंपियन दीपिका कुमारी को प्रजापति रत्न अवार्ड से नवाजा। संस्था अध्यक्ष राजबीर प्रजापति ने कहा कि दीपिका ने देश का गौरव बढ़ाया है। इस दौरान जय भगवान, डॉ. नारायण शरण आर्य, इंद्रपाल बजरंगी, नितिन दक्ष, सुखवीर  सिंह, ऋषिपा, विशंभर, राजेश शर्मा, शैलेश कुमार, राजकुमार दक्ष, प्रदीप, कपिल ने दीपिका के साथ फोटो भी खिंचवाएं। उनके साथ सेल्फी लेने वाली की भीड़ लगी रही।
 
मार्च पास्ट निकाला
प्रतियोगिता के रिकर्व इवेंट के उद्घाटन अवसर पर बीएबी और बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने बैंड बजाकर प्रस्तुति दी। 38 टीमों ने खिलाड़ियों के साथ मार्च पास्ट भी किया।

स्वर्ण पदक जीतने के उद्देश्य से ही मैदान पर उतरी थी। पदक जीतकर अच्छा लगा है। दो बार ओलंपिक खेल चुकी हूं। इस बार देश को पदक दिलाना लक्ष्य है। - बोम्बायला देवी, ओलंपियन
 
प्रतियोगिता में काफी नजदीकी मुकाबला था। सभी खिलाड़ी बेहतर खेले। मैं पदक जीतने आया था। अब आगामी इवेंट में भी टीम को जीत दिलानी है। - जयंत तालुकदारा, ओलंपियन


फाइनल में पहली बार हरियाणा, यूपी पिछड़ी  
राष्ट्रीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता के रिकर्व में पुरुष वर्ग में हरियाणा टीम ने सभी को चौंका दिया। वह पहली बार स्वर्ण पदक के लिए आरएसपीबी से मुकाबला करेगी। कंपाउंड की तरह रिकर्व इवेंट में भी यूपी टीम फिसड्डी रही। पिछले साल यूपी ने रजत पदक जीता था। हरियाणा के तीरंदाज जयंत कुमार 643, धीरज मलिक 641, रोबिन 633 व दीपक के 631 अंक की बदौलत टीम ने कुल 1917 अंक बनाकर 16वें पायदान पर जगह बनाई। टीम इवेंट में 16वें पायदान तक वाली टीम आगे खेल सकती हैं। हरियाणा ने इस मौके का फायदा उठाया।

टीम ने सभी राउंड में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक की दौड़ में अपने को कायम रखा है। अब वह रविवार को आरएसपीबी के सामने स्वर्ण पद के लिए खेलेगी। पिछले साल की स्वर्ण पदक विजेता झारखंड टीम से सभी को उम्मीद थी। लेकिन झारखंड के तीरंदाज बिनोद स्वांसी, एम प्रसन्न कुमार, इंद्रचंद स्वामी गुरुचरण बेसरा 1980 अंक हासिल करके पहला पायदान प्राप्त करने के बाद भी सर्वश्रेष्ठ चार में नहीं पहुंच सके।

 हालांकि झारखंड महिला टीम स्वर्ण के लिए मैदान पर उतरेगी। झारखंड पिछले साल टीम इवेंट में पुरुष व महिला वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता बना था। यूपी टीम का लगातार खराब प्रदर्शन जारी है। टीम इवेंट में पुरुष यूपी टीम 2014 में रजत पदक विजेता बनी थी। इस बार टीम तीसरे पायदान पर रहने के बाद भी वन टू वन मुकाबले में बाहर हो गई। क्वालीफाइंग व्यक्तिगत मुकाबले में भी यूपी के पुरुष तीरंदाज 13वें और महिला तीरंदाज 17वें स्थान से ऊपर नहीं बढ़ सके। अब यूपी को मिक्स और ओलंपिक इवेंट से उम्मीद है।
विज्ञापन



हरियाणा पुरुष टीम का अच्छा प्रदर्शन रहा है। वह पहली बार फाइनल में पहुंची है। झारखंड पुरुष टीम ने निराश किया है। - रविशंकर, तीरंदाजी नेशनल टीम कोच

ओलंपियन नहीं कर सके बेहतर प्रदर्शन
टीम इवेंट में ओलंपियन तीरंदाज रीना कुमारी, जयंत तालुकदार, राहुल बनर्जी, मंगल सिंह चंपिया, मांझी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें