सऊदी अरब की प्रेमिका से शादी के लिए की नसरीन की हत्या
मेरठ। जैसा शक था, वही हुआ। नसरीन की गला दबाकर हत्या की गई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हो गया है। जांच में पता चला कि सऊदी अरब निवासी प्रेमिका से शादी के लिए विदेश में रहने वाली प्रेमिका से शादी के चक्कर में पति आमिर खान ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने पति, ससुर जान मोहम्मद, सास जकरून, जेठ नदीम और फिरोज के खिलाफ लिसाड़ीगेट थाने में हत्या का केस दर्ज किया। इसके बाद 25 नंवबर को ससुराल वालों ने मायके वालों को बताए बिना शव दफना दिया था। मायके वालों की शिकायत पर कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया।
जाकिर कॉलोनी निवासी शफीकुद्दीन शुक्रवार को परिवार के साथ एसएसपी ऑफिस पर पहुंचे थे। उन्होंने नसरीन की हत्या का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि दामाद आमिर खान निवासी लिसाड़ीगेट प्रेमिका से शादी करना चाहता है। इसके बाद उन्होंने डीएम के यहां गुहार लगाई। उनकी अनुमति के बाद शव कब्र से निकाला गया और पोस्टमार्टम कराया गया।
--
सऊदी अरब की युवती से इंस्टाग्राम पर थी दोस्ती
शफीकुद्दीन के मुताबिक नसरीन ने बताया था कि आमिर की इंस्टाग्राम पर सऊदी अरब की युवती से दोस्ती है। वह अक्सर फोन पर बात करता है। विदेश जाने के लिए उसने पासपोर्ट भी बनवा लिया था। वह पासपोर्ट बेटी के पास था। वह उसे जिद करता था। इसके चक्कर में कई बार बेटी को आमिर ने पीटा भी। आमिर विदेशी लड़की से शादी करना चाहता है। यह बात उसके परिजनों को भी पता थी। परिवार के मुताबिक आमिर अक्सर बाइक पर स्टंट और अन्य तरह की हरकतें भी करता था।
---
35 लाख खर्च किए, एक करोड़ मांगने का आरोप
- नसरीन की शादी 11 साल पहले आमिर से हुई थी। उनकी बेटी हुदा (10) और बेटा शान (9) है। बेटी नाना के घर पर रहती थी। शफीकुद्दीन ने बताया कि शादी में 35 लाख खर्च किए थे। दामाद और उसके परिजन एक करोड़ की मांग कर रहे थे। इसे लेेकर बेटी से मारपीट की थी। बेटा पिता के साथ है।