लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शुक्रवार को ईएमओ और नर्सिंग स्टाफ में विवाद हो गया। कर्मचारियों ने ईएमओ को इमरजेंसी में घेर लिया और जमकर हंगामा हुआ। शिकायत सीएमएस डॉ. विभु साहनी से की गई। स्टाफ नर्स ने मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
स्टाफ नर्स ने बताया कि मरीजों के सामने ईएमओ पूछते हैं कि तुमने नमस्ते क्यों नहीं की? कुर्सी से थोड़ी देर के लिए उठकर कहीं चले जाओ या फिर मरीज को देखने में देरी हो जाए तो अभद्रता करते हैं। सीएमएस ने ईएमओ को बुलाया तो दफ्तर में ही दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। ईएमओ ने कहा कि आरोप लगाने वाली महिला प्रेग्नेंट है। मैंने मानवता के नाते उसे इमरजेंसी से हटाने की अपील की थी। अन्य सभी आरोप बेबुनियाद हैं। सीएमएस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराकर मामले को शांत किया। डॉ. विभु साहनी का कहना है कि कोई बड़ा मामला नहीं था। नर्सिंग स्टाफ को थोड़ी बोलचाल को लेकर आपत्ति थी।