जोड़े में से नाग को मारना एक किसान को इतना भारी पड़ गया कि बीस दिन तक नागिन उसके पीछे ही पड़ गई। कई दिन तक दहशत में रहने के बाद बुधवार को किसान ने अन्य ग्रामीणों की मदद से इस नागिन को मार डाला। इसके बाद ही ग्रामीणों ने राहत महसूस की।
सहारनपुर के नानौता क्षेत्र के गांव खुड़ाना निवासी किसान राजेश कुमार करीब 20 दिन पूर्व अपने खेत में गया था। मजदूरों संग काम करने के दौरान नाग-नागिन का जोड़ा वहां दिखाई दिया। इसे देख मजदूर भाग गए। लेकिन राजेश कुमार ने नाग-नागिन के जोड़े को लाठी मारी। इससे नाग तो मौके पर ही मर गया जबकि नागिन वहां से निकल गई। इसके बाद राजेश घर आ गया। बताया जाता है कि अगले दिन जब राजेश फिर खेत में गया तो नागिन अचानक उसके सामने आ गई। उसने उसका रास्ता रोका। बड़ी मुश्किल से राजेश वहां से निकला। राजेश के मुताबिक यह सिलसिला कई दिन तक चलता रहा।