संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में संस्कृति उत्तर प्रदेश विषय पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं संबद्ध महाविद्यालयों के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। नबील एवं जय मलिक ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनिरुद्ध एवं अपेक्षा द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि पवन कुमार एवं खुशी शर्मा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। रौनक जायसवाल को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक प्रो. कृष्णकांत शर्मा ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वहीं, समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. आलोक कुमार ने सांस्कृतिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. जितेंद्र कुमार गोयल एवं डॉ. मुनेश कुमार ने किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. डीएन भट्ट ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार जताया। इस अवसर पर समाजशास्त्र विभाग की प्राध्यापिका डॉ. नेहा गर्ग भी उपस्थित रहीं। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास, साहित्य, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।