मेरठ। मेरठ में बदमाशों से पकड़े गए 857 अवैध शस्त्र और 4722 चाकू, मादक पदार्थ समेत अन्य माल नष्ट किया है। इस माल से प्राप्त धनराशि को पुलिस के खजाने में जमा किया जाएगा। यह हथियार और अन्य सामान पिछले 32 साल से सदर मालखाना में रखा हुआ था।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि सदर मालखाना में 1987 से 2019 तक पकड़े गए विभिन्न अवैध हथियारों का शनिवार को निस्तारण किया गया। यह अवैध हथियार अलग-अलग आपराधिक मुकदमों में जमा थे। मालखाना इंचार्ज और मालखाना निस्तारण के लिए बनाई गई समिति एवं संबंधित थानों द्वारा 620 हथियारों का निस्तारण किया गया।
पुलिस ने 4722 चाकू, 857 अवैध शस्त्र 15 कारतूस, 336 शराब की बोतल, 287 पुलिंदा और एक मोबाइल नष्ट किया है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि विभिन्न आपराधिक मुकदमों में थाने के मालखाना में कई-कई साल से माल लंबित पड़ा है। जिस कारण मालखाना में अन्य माल रखने के लिए इंचार्ज को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।