मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड रानी मिल के पास एक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार माधवपुरम सेक्टर-एक निवासी सागर पुत्र उजागर सिंह (30) को टक्कर मार दी। हादसे में सागर की मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक और ट्रक को कब्जे में लिया है। वहीं, परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सागर एक होटल में स्क्रैप का काम देखता था। मंगलवार को वह घंटाघर दोस्त विशाल से मिलने के लिए गया था। रात करीब दस बजे बाइक पर लौट रहा था। जैसे ही रानी मिल के पास पहुंचा तो ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने बेसुध हालत में अस्पताल पहुंचाया। उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सागर का छोटा भाई अवतार और तीन बहनें हैं। हादसे के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने हंगामा भी किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। थाना प्रभारी विष्णु कौशिक का कहना है कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।