गांव कासमपुर में हुए झगड़े में घायल पीड़ित। स्रोत पीड़ित।
- हमले में छह वर्षीय मासूम समेत तीन लोग घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। किठौर थाना क्षेत्र के गांव स्वामीपुरा कासमपुर में घर में घुसकर परिवार पर हमला किया गया। हमले में तीन लोग घायल हो गए। इनमें छह वर्षीय बच्चा भी शामिल है। पीड़ित परिवार ने सात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित जयसिंह पुत्र गेंदा ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 14 नवंबर की सुबह करीब 9:00 बजे रवि, हर्ष, विशाल, सुभाष, गगन, बादल और कुंवरपाल उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने जय सिंह, बेटी आशा, अलका व भतीजे नरेंद्र के साथ मारपीट की। इसमें आशा व नरेंद्र के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में काफी चोटें आई हैं।
पीड़ित जय सिंह ने बताया कि 13 नवंबर की रात भी करीब 11 बजे उनके छह वर्षीय पोते वैष्णव पुत्र पुष्पेंद्र कुमार के साथ मारपीट की गई थी। इस घटना को लेकर परिवार के लोग आरोपियों से बात करने पहुंचे तो उनके साथ गाली-गलौज की गई।
सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में आरोपियों पर प्राथमिकी करा दी गई है। मामले की जांच कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।