पटेल मंडप में श्री खाटू श्याम चैरिटेबल ट्रस्ट के श्याम कीर्तन में भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु
- कोलकाता के फूल मालाओं से हुआ बाबा श्याम का अलौकिक शृंगार
- देशभर के भजन गायकों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मेला नौचंदी के पटेल मंडप में श्री खाटू श्याम चैरिटेबल ट्रस्ट के भव्य श्याम कीर्तन में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। देश के विभिन्न शहरों से आए भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक थिरकाया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाई और भजनों पर झूमते हुए भक्ति रस का आनंद लिया। कार्तिक शर्मा द्वारा प्रस्तुत मेरा श्याम दीवाना हो गया नौचंदी के मेले में भजन को श्रोताओं ने खूब सराहा।
मुल्तान नगर मंदिर से अनिल गोल्डी, आलोक सिसोदिया और नरेंद्र राष्ट्रवादी ने ज्योत प्रज्ज्वलित। ट्रस्ट के संस्थापक अनिल कुमार गोयल ने राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर की परंपरा के अनुरूप भजन के साथ बाबा का आह्वान किया। उन्होंने लो आ गया खाटू वाला और जलती रहे खाटू वाले ज्योति तेरी जलती रहे जैसे भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कोलकाता से मंगाए गए फूल मालाओं से हुआ बाबा श्याम का अलौकिक शृंगार किया गया।
दिल्ली से आईं भजन गायिका शुभिता तिवारी ने अपने लोकप्रिय भजनों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। मेरठ के अक्षित वशिष्ट, हापुड़ के मयंक शर्मा, ऐश्वर्या वर्मा, कार्तिक शर्मा, भोला निराला और नीरज सांवरिया ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं।
सांवरिया म्यूजिकल ग्रुप की मधुर धुनों और कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरा पंडाल देर रात तक भक्ति में डूबा रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नासिर सैफी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर रतनलाल, उमेश वर्मा, दीपक कुमार, श्याम कोहली, अनिल शर्मा, सुमित, शिवकुमार वर्मा, शैलेंद्र, नवीन गुप्ता, रोहित गुप्ता, अनमोल रहे।