दौराला क्षेत्र के नंगलाताशी गांव के किसानों ने भाजपा सरकार को ललकारा। युवा किसान नेता नरेश नंगला सर्मथकों के साथ गाजीपुर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि सरकार किसान आंदोलन को गंभीरता से ले। कुछ उपद्रवी आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
जानी क्षेत्र के कांवड़ मार्ग से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर किसान गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुए। इस दौरान किसानों ने सरकार विरोधी और किसान एकता को लेकर नारेबाजी की। किसान अपने साथ खाने-पीने का सामान लेकर गए हैं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने किसानों की वीडियो भी बनाई। इस दौरान किसानों ने कहा कि वे हक की लड़ाई लड़ने में समर्थ हैं। कांवड़ मार्ग से सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र के गांवों के अतिरिक्त, शामली व मुजफ्फरनगर जिले के गांवों से भी किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर गाजीपुर गए।
मवाना क्षेत्र के किसानों पर भी भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की मार्मिक अपील का गहरा असर हुआ। इसके चलते वे सुबह में ही गाजीपुर के लिए कूच कर गए। किसान सभा के मंडलीय सचिव कामरेड जितेंद्र पाल सिंह ने गाजीपुर में डटे किसानों के साथ पुलिस कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ गांव-गांव जाकर संपर्क किया। इस दौरान किसानों से आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/