- छोटा खाटू धाम में हुई भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। योगिनी एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर छोटा धाम में शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना आरंभ हो गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने बाबा श्याम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। शाम सात बजे मंदिर परिसर में भजन संध्या हुई। इसमें भजन गायक नीरज शर्मा ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। उन्होंने लाख चाहूं मगर, बात नहीं क्या करूं, नाव अटके मेरी पार लगती नहीं क्या करूं...जैसे भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के संस्थापक अनिल गोल्डी ने दीप जलाकर किया। इसके बाद नितिन गुप्ता, विकास सिंघल और आयुष कंसल ने भी बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों को सुनकर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। संचालन जितेंद्र शर्मा ने किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रभात शर्मा ने सभी अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में मुदित मांगलिक, रणबीर शर्मा, शुभम अग्रवाल, योगेंद्र राठी, कर्मवीर यादव आदि रहे।