यूपी में जिला अस्पताल से अगवा की गई युवती के बुधवार को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए। सीओ सिटी के नेतृत्व में सिविल लाइंस व महिला थाना पुलिस युवती को कोर्ट परिसर ले गए, जहां बयान दर्ज कराने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। उधर, पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार युवती की मां समेत तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। मामला यूपी में मुजफ्फरनगर जिले का है।
मीरापुर थाना क्षेत्र के वलीपुरा गांव निवासी युवती प्रेम प्रसंग के चलते 13 अगस्त को अकबरपुर बहसूमा निवासी प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। मंगलवार को युवती ने प्रेमी के परिजनों के साथ जानसठ तहसील दिवस में पहुंचकर हाईकोर्ट के आदेश प्रस्तुत करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई थी, जिसके बाद एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के आदेश पर महिला थाना पुलिस उसका मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। जिला अस्पताल परिसर से युवती के परिजनों ने महिला पुलिसकर्मियों पर हमला कर युवती को अगवा कर लिया था, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शेरपुर के जंगल से मुक्त करा लिया था। पुलिस ने मामले में युवती की मां फरजाना व चाचा शाहबाज के साथ ही संभलहेड़ा निवासी सत्तार को गिरफ्तार किया था। बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को मेडिकल कराने के बाद जेल भेज दिया।