सहारनपुर में हथनी कुंड बैराज के पास गुरुवार को हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो के साथ सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में घायल तीनों युवकों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
हादसा थाना मिर्जापुर क्षेत्र में दोपहर सवा बजे लांडापुल पर हुआ। थाना मिर्जापुर के रहना गांव निवासी भीम सिंह (23) पुत्र बालीराम, अंजेश (22) पुत्र कदम सिंह निवासी हथौली और दीपक (24) पुत्र सुरेश कुमार निवासी गीता भवन विकासनगर (उत्तराखंड) बाइक से गंदेवड़ पठानपुरा से अतर सिंह के पुत्र अर्जुन की बारात में थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव फैजाबाद जा रहे थे। हथनी कुंड बैराज से पहले लांडापुल के पास उनकी बाइक में बैराज की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार तीनों युवक बुरी तरह से घायल हो गए।