मुजफ्फरनगर के गांव परासौली में सुबह करीब 11 बजे शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण कमरे में बिस्तर पर सोती दो बच्चियां जिंदा जल गईं। महिला ने कमरे की जमीन पर खेलती अपनी तीसरी बच्ची को किसी तरह से खींचकर बचा लिया। मां और बच्ची भी मामूली रूप से झुलस गईं। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव परासौली निवासी सगे भाई फैजान और इरफान कपड़े की फेरी लगाते हैं। बुधवार सुबह दोनों भाइयों के काम पर जाने के बाद फैजान की पत्नी शमसो और इरफान की पत्नी शबाना घर के कामकाज में व्यस्त हो गईं। सुबह करीब 11 बजे शबाना ने अपनी बेटी मायनूर (2) और फैजान की बेटी सोफिया (4) को दूध पिलाकर ऊपर के कमरे में बेड पर सुला दिया। शबाना की दूसरी बेटी माहिरा (1) भी कमरे में जमीन पर खेलने लगी। अचानक शॉर्ट सर्किट से कमरे में आग लग गई। बेड पर रखे गर्म कपड़ों ने आग पकड़ ली। चंद मिनटों में पूरा कमरा आग की लपटों में घिर गया। बेड पर सोई मासूम बच्चियों के साथ ही फर्श पर खेल रही माहिरा भी आग में घिर गईं। कमरे में आग लगी देख छत पर मौजूद शबाना ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह बेड तक नहीं पहुंच सकी। वह बड़ी मुश्किल से जमीन पर खेल रही माहिरा को ही खींचकर बाहर लाने में सफल रही।
वहीं शोरशराबा सुनकर पहुंचे लोगों ने बराबर के मकान से सबमर्सिबल का पाइप लाकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बेड पर सोईं दोनों बच्चियां दम तोड़ चुकीं थीं। दोनों बच्चियों की मौत की सूचना पर एसडीएम बुढ़ाना दीपक कुमार, सीओ विजय प्रकाश व इंस्पेक्टर यशपाल सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेते हुए बच्चियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से गांव में शोक व्याप्त है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/