गाजियाबाद के थाना लोनी क्षेत्र के मीनाक्षी एनक्लेव अशोक बिहार निवासी टीचर असलम (25) पुत्र नसीम का शव 30 अप्रैल की रात को खतौली गंगनहर कांवड़ मार्ग पटरी पर पड़ा मिला था। परिजनों ने दो लाख लूटने के बाद हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने मामले की जांच में जुटी तो कई चौंकाने वाले सच सामने आए।
इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा के मुताबिक असलम गाजियाबाद के किसी भी सरकारी स्कूल का टीचर नहीं निकला। साथ ही वह 30 अप्रैल की सुबह घर से दो लाख रुपये लेकर भी नहीं चला था। उसने परिजनों को धोखा देने और पुलिस को गुमराह करने के लिए लूटपाट की योजना बनाई। उनका मानना है कि असलम खतौली पहुंचा।
लूटपाट का नाटक रचने के लिए उसने पहले गंगनहर में गोता लगाया। कपड़ों को गीला करने के बाद रात में सड़क पर लेट गया, ताकि राहगीरों को लगे कि उसके साथ कोई घटना घटी है। इस नाटकबाजी के चक्कर में कोई वाहन उसे कुचल कर चला गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। असलम की धोखाबाजी की कहानी पर परिजन व रिश्तेदार भी हैरान रह गए हैं।
पिता से भी छह लाख रुपये ठगे
पुलिस को परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ करने पर पता चला कि असलम ने अपने पिता नसीम से भी सरकारी टीचर की नौकरी लगवाने नाम पर लाखों रुपये ठगे। इसके अलावा उसने परिजनों को छह माह पूर्व बताया था कि उसकी टीचर की नौकरी लग गई। छह महीने की तनख्वाह आने पर उधार लौटाने की बात कहकर वह पिता से रुपये ठगता रहा। इस तरह असलम ने पिता से करीब छह लाख रुपये ठग लिए।
एजेंसी वाले को दो लाख रुपये का चेक दिया था
पुलिस के मुताबिक अप्रैल में ही असलम ने पिता को किसान मोटर्स एजेंसी से लोन पर ट्रैक्टर खरीदवाया था। 91 हजार रुपये कैश जमा कराए थे जबकि दो लाख रुपये का चेक दिया था। पुलिस ने एजेंसी पर जांच पड़ताल की तो वहां से पता चला कि असलम ने किसी दूसरे के नाम का दो लाख रुपये का चेक दिया था, जो बाउंस हो गया था।
फिर असलम ने एजेंसी वालों से कहा कि वह अपने खोते से दो लाख रुपये निकाल कर दे देगा। पता चला कि उसके बैंक में मात्र आठ रुपये ही है। खाते में काफी दिनों से पैसों का लेनदेन नहीं होने से वह भी बंद हो गया।
पुलिस की जांच में पता चला कि असलम सरकारी टीचर नहीं था। उसके पास कोई रुपये भी नहीं थे, वह तो एजेंसी वालों और अपने परिजनों को धोखा देने और पुलिस को गुमराह करने को लूटपाट का नाटक रचना चाहता था। इसी चक्कर में कोई वाहन उसे कुचलकर निकल गया, जिससे उसकी मौत हुई है। -
हरसरन शर्मा, इंस्पेक्टर, खतौली।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/