कंकरखेड़ा (मेरठ)। थाना पुलिस ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर की नर्स से शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने वाले पल्लवपुरम निवासी आशू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मुजफ्फरनगर निवासी एक नर्स ने बृहस्पतिवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया था कि वह हाईवे स्थित एक मेडिकल कॉलेज में नर्स है। तीन वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात सोशल मीडिया पर आरोपी आशू से हुई थी। दोनों में फोन पर बातचीत शुरू हो गई। नर्स के अनुसार आशू शादी का झांसा देकर तीन वर्ष से यौन शोषण करता आ रहा था। आरोपी ने नर्स से कंकरखेड़ा में हाईवे पर एक होटल में यौन शोषण किया था। आशू ने नर्स के अश्लील वीडियो व फोटो बना लिए थे। आशू शादी के नाम पर वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी देता था। बृहस्पतिवार को नर्स ने आशू के खिलाफ तहरीर दी थी। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।