यूपी के मुजफ्फरनगर में प्रेमिका को भगाने के आरोप में एक युवक की मां पर दूसरे समूह के दो लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। वहीं जानकारी लगने पर मां को बचाने पहुंचे दिव्यांग बेटे से भी मारपीट की गई। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
भोपा थानाक्षेत्र के गांव विलायत नगर निवासी राजकुमारी पत्नी बालकिशन शुक्रवार सुबह दिव्यांग बेटे रविंद्र के साथ खेत पर गई थी। आरोप है कि गांव के ही दो लोग खेत पर पहुंचे और महिला से गालीगलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों पर महिला पर फावड़े से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई। वहीं, मौजूद दिव्यांग रविंद्र ने मां को बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। शोर मचाने पर हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन पुलिस को घटना की सूचना देकर घायल महिला को सीएचसी ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।