महापंचायत के लिए आज सैकड़ों किसान यूपी गेट पर इकट्ठा होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। किसानों का कहना है कि वे सफलता हासिल किए बिना नहीं लौटेंगे। नए कृषि कानूनों के विरोध में हरियाणा, पंजाब और यूपी के किसानों ने दिल्ली घेर रखी है। भाकियू ने गाजीपुर बॉर्डर स्थित यूपी गेट पर डेरा डाल रखा है।
आज किसान महापंचायत आहूत की गई है। इसके चलते बुधवार को सैकड़ों किसान कूच कर गए। संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ने बताया कि ईकड़ी, दबथुआ, करनावल, सरूरपुर, बहादरपुर, जिटौली, नंगलाताशी, दौराला आदि गांवों से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में यूपी गेट के लिए रवाना हो गए हैं। काफी किसान गुरुवार को भी जाएंगे।
इस बीच भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल आज कृषि मंत्री से मिलेगा। अगर सरकार चाहे तो वह मसलों को सुलझा सकत है। देश भर के तमाम किसान संगठनों को अब सड़क पर उतर आना चाहिए।
किसानों के समर्थन में जुलूस निकाला
भारतीय किसान आंदोलन और गंगाजल बिरादरी ने आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में कमिश्नरी पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जुलूस ईव्ज चौराहा होते हुए तेजगढ़ी चौराहा एवं बिजली बंबा बाईपास होते हुए दिल्ली रोड के लिए रवाना हुआ। इसमें पूर्व सैनिक, चिकित्सक, वकील, शिक्षाविद्, छात्र, व्यापारी और समाजसेवियों ने सहयोग किया। गंगाजल बिरादरी के संयोजक सेवानिवृत्त मेजर डॉ. हिमांशु ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नए कृषि कानून किसानों के लिए विनाशकारी हैं।
भारतीय किसान आंदोलन के अध्यक्ष कुलदीप त्यागी ने किसानों को बांटने और बदनाम करने पर कड़ी आपत्ति जताई। राष्ट्रवादी मुस्लिम मंच के दानिश अलीम ने सरकार से किसानों से बातकर गतिरोध खत्म करने की अपील की।
यह भी पढ़ें: पिता आंदोलन में डटे, तो बेटियों ने बदला खेतों का नजारा, फावड़ा थामे कर रहीं देखभाल
वहीं, मेरठ नागरिक अधिकार मंच के पंकज शर्मा ने किसानों की मांगों को जायज बताया। यहां पंकज शर्मा, रवि कुमार, फजल करीम, संतोष सरोकारी, विपुल चौधरी, डॉ. हरविंदर, पल्टू पार्षद, मोहम्मद अंजुम, कैप्टन जसवंत, अनीश सिंह, सन्नू अंसार, शमीम, रमेश चौहान आदि मौजूद रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/