मुजफ्फरनगर में लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन परिसर में आयोजित युवाओं की बैठक में पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि देश में भाजपा की सरकार ने किसानों और शिक्षित युवाओं को बर्बाद कर दिया। किसानों को फसलों का उचित दाम व गन्ने का भुगतान नहीं दिया। शिक्षित बेरोजगार युवकों को नौकरी नहीं मिली।
बुढ़ाना में कस्बे के लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन परिसर में सोमवार को रालोद नेताओं, युवा पदाधिकारियों की बैठक हुई। रालोद युवा के प्रदेश सचिव बालकिशोर त्यागी के नेतृत्व में कस्बे व देहात के युवा बैठक में भाग लेने पहुंचे। रालोद नेता व पूर्व मंत्री योगराज सिंह, जिलाध्यक्ष अजीत राठी, युवा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल डबास भी उनके बीच पहुंच गए। युवाओं की मांग पर उन्हें रालोद के पदाधिकारियों ने पार्टी में शामिल करने की घोषणा की। बैठक में पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश को अनाज खिलाने वाले किसान को बर्बाद कर दिया। पिछले साल का गन्ने का भुगतान बकाया चला आ रहा है। यह सत्र आधा बीत चुका है, इस सत्र का भुगतान कब मिलेगा कुछ पता नहीं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार देने के नाम पर देश में आई भाजपा सरकार ने नौजवानों के साथ धोखा किया है।