यूपी के मुजफ्फरनगर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सड़क के गड्ढों से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार बागपत निवासी एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई। तीन अन्य घायलों को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
बागपत जनपद के कस्बा बड़ौत निवासी जैय्यद शनिवार सुबह भाई दानिश, पत्नी इसराना और अपने दो बच्चों माहद (4) और हॉनिक (1) के साथ कार से मुजफ्फरनगर जा रहा था। दोनों बच्चे बीमार थे, जिनका मुजफ्फरनगर के एक चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा था। मुजफ्फरनगर-बुढ़ाना मार्ग स्थित गांव हरसौली व तावली के बीच सड़क के गड्ढों से बचने के लिए चालक जैय्यद ने अपनी कार को दूसरी तरफ मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे खाली ट्रक से जा टकराई। कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे जा घुसा। इसमें सभी परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना देते हुए क्षतिग्रस्त कार से सभी घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर पास ही स्थित एक अस्पताल में दिखाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को गंभीर हालत के चलते बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।