अमर उजाला फाउंडेशन की अनूठी पहल अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के अभियान में विबग्योर स्कूल में छात्राओं ने आधी आबादी के लिए समाज में सकारात्मक माहौल बनाने का संकल्प लिया। मां तुझे सलाम सामूहिक गीत से बेटियों ने तिरंगे की शान के लिए देशप्रेम का संदेश दिया। संस्था निदेशक निशा त्यागी ने कहा कि महिला हिंसा के खिलाफ अपराजिता की आवाज हर घर की दहलीज तक जाएगी।
रुड़की रोड स्थित विबग्योर स्कूल में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन से हुआ। नूपुर, अंशिका, मेहनूर, वाणी और अदिति ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। छात्राओं ने गीत, नाटिका, कविता के माध्यम से सृष्टि अस्तित्व में नारी की महत्ता बताई। सामूहिक गीत में मरियम, खुशी, वंशिका, इशिका, कनक, शगुन ने देशभक्ति का जोश भरा।
अपराजिता मुहिम के संदर्भ में छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी गई। निदेशक निशा त्यागी ने कहा कि समाज में ऐसी सोच बननी चाहिए, जिसमें बेटे और बेटियों को समान दृष्टि से पालन-पोषण और प्रोत्साहन मिले। परिवार से ही पहल होगी, तभी लड़कियों और महिलाओं के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार होगा।
प्रधानाचार्या अनुराधा शर्मा ने बताया कि शोषण, उत्पीड़न के मामलों में बेटियां चुप्पी न रखें। अपने साथ हो रही घटना से मां, पिता और परिजन को तुरंत अवगत कराएं। पहले घर, फिर आसपड़ोस में एक साझा मंच तैयार करें, जिसमें बेटियां और महिलाएं अपने हक, सुरक्षा और सम्मान की बात निर्भीक होकर रख सकें।
छात्रा कंगना ने कन्या भ्रूण हत्या की बात रखी। साथ ही कहा कि बदलाव हुआ है, लेकिन अभी भी कठोर कानून को लागू करने की जरूरत है। अंजलि ने निरक्षर महिलाओं को इस मुहिम से जोड़ने का आग्रह किया। छात्राओं ने कहा कि नो साइलेंस, नो वॉयलेंस के बाद ही बेटियों के चेहरों पर सच्ची मुस्कान आएगी। कार्यक्रम में शिक्षक शिवकुमार, आयुष और सुरेंद्र कुमार का सहयोग रहा।