हादसे में गुब्बारे विक्रेता नवनीत शर्मा के अलावा लकड़सधा निवासी आशू, खादरवाला निवासी अतुल और खादरवाला की रहने वाली महिला स्नेहा पत्नी दीपक घायल हो गए। अचानक हुए हादसे से मेले में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। शहर इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद नवनीत शर्मा, आशू और अतुल को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी घायलों को देखने जिला अस्पताल पहुंचे। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाकर मेरठ रेफर कराया।
सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि हाइड्रोजन गैस के सिलेंडर फटने से हुए हादसे में लकड़सधा निवासी घायल आशू पुत्र इंद्रजीत की मेरठ जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सीओ ने बताया कि आशू ही गुब्बारे में गैस भर कर बेच रहा था।
उधर, जब शव जिला अस्पताल आया तो परिजनों ने शव को बिना कार्रवाई के लिए जाना चाहा, लेकिन पुलिस ने शव नहीं दिया जिसको लेकर परिजनों ने हंगामा किया। अधिकारियों ने मौके पर जाकर उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।